भोपाल: नवरात्रि के पावन पर्व पर राजधानी भोपाल के भेल जंबूरी मैदान में आयोजित भोजपाल गरबा महोत्सव में अद्भुत उत्साह और आस्था का संगम देखने को मिला। गरबा प्रांगण में एक साथ 25 हजार से अधिक युवाओं और परिवारों ने पारंपरिक चनिया-चोली और कुर्ता- पायजामा पहनकर डांडिया की खनक पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। सवा लाख किलोवॉट के दमदार साउंड सिस्टम और गुजरात से आए कलाकारों की पारंपरिक धुनों ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। ‘अंगूरी भाभी’ ने जीता भोपालियों का दिल आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण ‘भाबीजी घर पर हैं’ फेम मशहूर टीवी अभिनेत्री शुभांगी अत्रे (अंगूरी भाभी) रहीं। उन्होंने मंच से अपने चिर-परिचित अंदाज में जैसे ही “सही पकड़े हैं” कहा, पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शुभांगी ने भोपाल की हरियाली, वीआईपी रोड, बड़े तालाब और यहां के इंदौरी-भोपाली स्वाद (खासकर चाट) की जमकर तारीफ की और कहा कि मध्य प्रदेश उनके लिए घर जैसा है।

कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने बढ़ाया उत्साह इस महाआयोजन में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और बेस्ट ग्रुप, बेस्ट कपल, बेस्ट मेल/फीमेल डांसर सहित विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को पुरस्कृत किया। 85 फीट ऊंची केदारनाथ की झांकी बनी आकर्षण आयोजन समिति के महामंत्री हरीश कुमार राम ने बताया कि परिसर में 85 फीट ऊंची बाबा केदारनाथ की आकर्षक झांकी बनाई गई थी, जहां दर्शन करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। इसके अलावा भगवान गणेश और माता रानी की वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील यादव के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोपरि रखते हुए प्रवेश के लिए आधार कार्ड अनिवार्य किया गया था। परिसर में सीसीटीवी कैमरों, पुलिस बल, प्राइवेट सिक्योरिटी और बाउंसर्स की मद से कड़ी निगरानी रखी गई ताकि लोग सुरक्षित माहौल में गरबे का आनंद ले सकें।