मिर्जापुर में दिलचस्प हुआ सियासी घमासान: पूव जिलाधिकारी दिव्या मित्तल उतरीं चुनावी अखाड़े में, भाजपा-सपा की बढ़ी बेचैनी मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का सियासी पारा अचानक गर्मा गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा की प्रतिष्ठित नौकरी छोड़कर जनसेवा के मैदान में उतरने वाली पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने मिर्जापुर सदर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपनी नई ‘जनीति भारत पार्टी’ का गठन किया है और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से ताल ठोंक दी है। एक तेजतर्रार पूर्व अधिकारी के सीधे चुनावी मैदान में उतरने से जिले की राजनीति में हलचल मच गई है और स्थापित राजनीतिक दलों के कई नेताओं की रातों की नींद उड़ गई है। वर्तमान में मिर्जापुर सदर क्षेत्र पर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। भाजपा के रत्नाकर मिश्रा यहां से लगातार दो बार जीत का परचम लहरा चुके हैं। इसे पहले इस क्षेत्र पर लंबे समय तक समाजवादी पार्टी का दबदबा रहा था।

अब दिव्या मित्तल के अपनी नई पार्टी के साथ मैदान में आने से यह मुकाबला दोतरफा न रहकर त्रिकोणीय होने के पूरे आसार बन गए हैं। भाजपा के सामने जहां अपनी जीत की लय बरकरार रखने और अपना गढ़ बचाने की भारी चुनौती होगी, वहीं समाजवादी पार्टी के लिए अपने छिटके हुए मतदाताओं को वापस लाना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा। दिव्या मित्तल का मिर्जापुर से जुड़ाव बेहद खास रहा है। जब वे यहां की जिलाधिकारी थीं, तब अपने कामकाज और सीधे जनता की समस्याएं सुने की शैली के कारण उन्होंने आम लोगों के दिलों में गहरी जगह बना ली थी। उनका कार्यकाल काफी लोकप्रिय रहा था। स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ प्रशासनिक स्तर पर उनकी तनातनी भी किसी से छिपी नहीं है। ऐसे में उनका मिर्जापुर को ही अपनी राजनीतिक कर्मभूमि के रूप में चुना, सत्ता पक्ष के लिए एक सीधा और कड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।

अगर मिर्जापुर सदर के जातीय समीकरणों पर नजर डालें, तो यहां चुनाव नतीजे तय करने में वैश्य मतदाताओं की भूमिका सबसे अहम होती है, जिनकी संख्या करीब डेढ़ लाख के आसपास है। इसके बाद ब्राह्मण और अल्पसंख्यक मतदाता भी अच्छी खासी तादाद में हैं। इसके साथ ही दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाता भी निर्णायक स्थिति में रहते हैं। दिव्या मित्तल की खासियत यह है कि उनकी अपील किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है। वे सुशासन और विकास के नाम पर पारंपरिक वोट बैंक में बड़ी सेंधमारी कर सकती हैं। सवर्ण मतदाता, जिन्हें आमतौर पर सत्ताधारी दल का मुख्य आधार माना जाता है, वे भी उनके पक्ष में गोलबंद हो सकते हैं। यही समीकरण बड़े दलों की चिंता का सबसे बड़ा कारण बन रहा है। अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करते हुए दिव्या मित्तल ने स्पष्ट कर दिया है कि वे राजनीति करने नहीं, बल्कि जनीति करने आई हैं। किसी भी स्थापित दल में जाने के बजाय अपना रास्ता खुद चुने वाली दिव्या ने जनता से तीन बड़े वादे किए हैं।

उन्होंने कहा है कि उनकी पार्टी में नीतियां बंद कमरों में नहीं बल्कि जनता के बीच तय होंगी। उनका दूसरा वादा है कि कोई भी फैसला किसी की जाति या रसूख देखकर नहीं बल्कि पूरी तरह निष्पक्ष होगा। इसके अलावा उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जनप्रतिनिधि पूरी तरह जवाबदेह होंगे और विधायक खुद जनता के दरवाजे पर जाकर उनकी समस्याएं सुलझाएंगे। कुल मिलाकर, 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मिर्जापुर के लिए बेहद रोचक होने जा रहा है। एक तरफ बरसों से जमे हुए अनुभवी राजनेता होंगे और दूसरी तरफ बदलाव का नया नारा लेकर मैदान में उतरीं एक पूर्व प्रशासक। अब यह देखना वाकई दिलचस्प होगा कि मिर्जापुर की जनता एक बार फिर पुराने राजनीतिक दलों पर ही भरोसा जताती है या फिर इस नई बयार का साथ देकर कोई नया इतिहास लिखती है। प्रकाश त्रिपाठी