भोपाल: 10 हजार रुपये का एक दीया! यह सुनकर भले ही आपको यकीन न हो, लेकिन मध्य प्रदेश में पर्यटन विभाग पर कुछ ऐसे ही सनसनीखेज आरोप लगे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित ‘एक दीया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम अब विवादों में घिर गया है। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अमित शर्मा ने पर्यटन विभाग पर कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि महज पांच हजार दीये जलाने के लिए करीब 4.28 करोड़ रुपये की निविदा स्वीकृत की गई। इस पूरी राशि को दीयों की संख्या से भाग देने पर प्रति दीया लागत लगभग 8,560 रुपये बैठती है, जिसे कांग्रेस करीब 10 हजार रुपये प्रति दीया बता रही है। अमित शर्मा ने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर अहमदाबाद की ‘गो बनाना’ नामक कंपनी को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई। विवाद का एक बड़ा कारण निविदा जमा करने के लिए दिया गया बेहद कम समय भी है। बताया जा रहा है कि 16 सितंबर को दोपहर 3:46 बजे से शाम 5:15 बजे तक ही निविदा जमा करने की समय - सीमा निर्धाधारित की गई थी।

यानी इच्छुक कंपनियों को बोली लगाने के लिए महज डेढ़ घंटे का समय मिला। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि इतनी कम समय -सीमा निर्धाधारित करने की जरूरत क्यों पड़ी और क्या इसे अन्य कंपनियों को प्रतिस्पधा का पयाप्त अवसर मिल पाया? पार्टी ने निविदा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। मामला केवल दीयों की कीमत तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी धन के इस्ते माल और निविदा प्रक्रिया की जवाबदेही से भी जुड़ा है। यह स्पष्ट होना जरूरी है कि 4.28 करोड़ रुपये की राशि में आयोजन से संबंधित कौन-कौन से खर्च शामिल थे और कंपनी का चयन किन शर्तों के आधार पर किया गया। कांग्रेस ने इस कथित घोटाले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए निविदा दस्तावेजों और विभागीय रिकॉर्ड की जांच जरूरी है। अब देखना होगा कि पर्यटन विभाग इन आरोपों पर क्या स्पष्टीकरण देता है और सरकार इस मामले में जांच का आदेश देती है या नहीं।