मनगवां, देश दर्पण संवाद। मनगवां विधानसभा के ग्राम पुरवा में शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर’ का सफल आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर इस शिविर का शुभारंभ किया। ‘आपकी सरकार आपके द्वार’ की तर्ज पर आयोजित इस शिविर में कुल 158 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीण जनता को बड़ी राहत दी गई। शिविर को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की योजनाएं अंतिम छोर के व्यक्ति तक सीधे पहुंच रही हैं, जिसे आम नागरिक आत्मनिर्भर बन रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्राथमिक एवं स्वास्थ्य केंद्रों में 3 हजार बॉन्डेड डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर का मुख्य कारण एनीमिया को बताते हुए सभी से जीवन में एक बार रक्तदान करने की अपील की।

इसके साथ ही उन्होंने मनगवां- रीवा बाईपास बने से घटी दुर्घटनाओं, आयुष्मान कार्ड के जरिए मुफ्त इलाज और स्वामित्व योजना के तहत आबादी भूमि की निशुल्क रजिस्ट्री का भी उल्लेख किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन के पास धन की कोई कमी नहीं है और अब हर गांव में प्रधानमंत्री आवास बनाए जाएंगे। मनगवां विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति और कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने शिविर की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर एकत्रित होकर समस्याओं का तुरंत समाधान करते हैं, साथ ही आंगनवाड़ी, स्कूल और राशन दुकानों का निरीक्षण भी किया जाता है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कई हितग्राहियों को सीधे लाभान्वित किया। रजनीश साकेत, मोहन साकेत और पारस सहित अन्य को पीएम आवास की चाबी सौंपी गई। वहीं कई हितग्राहियों को सामाजिक पेंशन व आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत युवाओं को सशक्त करते हुए अर्पित गुप्ता को 8 लाख और विवेक सिंह को 9 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। शिविर में ‘उद्योग संवाद’ भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां अनुपमा डेयरी के संचालक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उद्योग विभाग से 46 लाख रुपये का लोन लेकर उन्होंने डेयरी स्थापित की है। आज वहां 5 हजार लीटर दूध का संग्रहण हो रहा है और 8 लोगों को रोजगार मिला है। कार्यक्रम का समापन उप मुख्यमंत्री द्वारा सीएफटी भवन प्रांगण में मुनगा (सहजन) का पौधा रोपकर किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह, एसडीएम संजय जैन और जनपद सीईओ प्राची चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।