दिल्ली। * अनोखा संयोग: दिल्ली के मैदान पर कागजों में ‘मेजबान’ था अफगानिस्तान, लेकिन दबदबा रहा ‘मेहमान’ भारत का * अभिषेक का तूफान: 32 गेंदों में 82 रनों की आतिशी पारी (7 चौक 7 छक्के) से अफगानिस्तान पस्त * एकतरफा जीत: 157 का लक्ष्य भारत ने 38 गेंद शेष रहते महज 3 विकेट खोकर किया हासिल क्रिकेट के मैदान पर कई रिकॉर्ड बनते और टूटते हैं, लेकिन दिल्ली में खेला गया यह टी20 मुकाबला एक बेहद अनोखे और दिलचस्प संयोग का गवाह बना। यह एक ऐसा विरला मौका था जब भारतीय क्रिकेट टीम अपने ही देश में, अपने ही दर्शकों के बीच ‘मेहमान’ बनकर खेलने उतरी। दरअसल, इस मुकाबले की आधिकारिक मेजबानी अफगानिस्तान कर रहा था। कागज पर अफगानिस्तान मेजबान था और भारत मेहमान, लेकिन जब बात पिच पर उतरी तो टीम इंडिया ने मेजबानों वाली कोई मुरव्वत नहीं दिखाई और अफगानिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दे दी।
मेहमानवाजी में अभिषेक ने नहीं छोड़ी कोई कसर 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए अभिषेक शर्मा ने अपनी पारी से ऐसा कोहराम मचाया कि अफगानी गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। अभिषेक ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 32 गेंदों में 82 रन ठोक डाले, जिसमें 7 गनचुंबी छक्के और 7 चौके शामिल थे। मैच का नतीजा दरअसल पावरप्लेमें ही तय हो गया था, जब अभिषेक और ईशान किशन ने मैदान के हर कोने में रन बरसाए। इन दोनों के बीच हुई 121 रनों की साझेदारी ने ‘मेजबान’ अफगानिस्तान से मैच पूरी तरह छीन लिया। भारत ने 14वें ओवर (13.4 ओवर) में ही लक्ष्य हासिल कर यह साबित कर दिया किघर अपना हो, तो मेहमान बनकर भी बादशाहत कायम रखी जा सकती है। अर्शदीप ने बिगाड़ी थी मेजबानों की शुरुआत इसे पहले, गेंदबाजी में भी भारत ने अपने घर के हालात का पूरा फायदा उठाया। अर्शदीप सिंह ने शानदार स्पेल डालते हुए 3 विकेट झटक जबकि वरुण चक्रवर्ती ने कसी हुई स्पिन से 1 विकेट निकाला।
इनकी घातक गेंदबाजी का ही असर था कि अफगानिस्तान की आधी टीम 7 ओवर के भीतर महज 43 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी। हालांकि, संकट की इस घड़ी में अनुभवी मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह ओमरजई ने छठे विकेट के लिए 83 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को 156 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन विश्व चैंपियन टीम इंडिया की फॉर्म के आगे यह चुनौती बेहद छोटी साबित हुई।
