तकनीक से डरने के बजाय उसे समझना और अपने कौशल को विकसित करना आज के युवाओं की सबसे बड़ी जरूरत है। आज आईटी क्षेत्र में कदम रखने वाले अधिकांश युवाओं के मन में एक सवाल है—क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हमारी नौकरी छीन लेगा? असल चुनौती AI का आना नहीं, बल्कि बदलती तकनीक के साथ खुद को तैयार न करना है। कुछ वर्ष पहले तक एक सामान्य वेबसाइट बनाने या सॉफ्टवेयर का कोड लिखने में घंटों लगते थे। आज AI की सहायता से वही काम काफी कम समय में किया जा सकता है। लेकिन सवाल यह है कि क्या AI द्वारा लिखा गया हर कोड सही, सुरक्षित और उपयोगी होता है? बिल्कुल नहीं। उसे समझने, जांचने और वास्तविक समस्या के अनुसार लागू करने के लिए आज भी तकनीकी ज्ञान आवश्यक है। वर्तमान समय में नए आईटी प्रोफे शनल्स के सामने तीन बड़ी चुनौतियां हैं— लगातार बदलती तकनीक, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और AI पर अत्यधिक निर्भरता।

अक्सर युवा जल्दी परिणाम पाने के लिए AI से पूरा कोड लिखवा लेते हैं, लेकिन जब उसमें कोई समस्या आती है, तो उसका समाधान नहीं खोज पाते। यही आदत भविष्य में उनके करियर की सबसे बड़ी बाधा बन सकती है। इसलिए आईटी क्षेत्र में आने वाले युवाओं को मेरी सलाह है कि प्रोग्रामिंग की बुनियाद मजबूत करें, समस्या का समाधान खोजना सीखें, वास्तविक प्रोजेक्ट्स पर काम करें और AI को अपना सहायक बनाएं, विकल्प नहीं। याद रखिए, भविष्य केवल उन लोगों का नहीं होगा जो AI चलाना जानते हैं, बल्कि उनका होगा जो AI के परिणामों को समझकर बेहतर निर्णय लेना जानते हैं। तकनीक बदलती रहेगी, लेकिन सीखने की क्षमता ही आपकी सबसे बड़ी ताकत रहेगी। अं शु ल अग्रवाल संस्थापक, द वेबफिक्स आईटी एवंडिजिटल टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल