उज्जैन- दीपोत्सव के पावन पर्व की शुरुआत धनतेरस पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में आरोग्य, सुख-समृद्धि और राष्ट्रकल्याण की मंगल कामनाओं के साथ हुई। श्री महाकालेश्वर मंदिर पुरोहित समिति के मार्गदर्शन में नंदी हॉल में विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया, जहां धन और कुबेर को चांदी का सिक्का अर्पित किया गया। इस भव्य अनुष्ठान में संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रौशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा और प्रशासक प्रथम कौशिक ने सपत्नीक हिस्सा लिया। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने भगवान महाकाल का अभिषेक कर दीप प्रज्वलित किए और आरती में सम्मिलित हुए। महालोक में पटाखों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दीपावली पर महाकालेश्वर मंदिर और श्री महालोक में आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि, परंपरा का निर्वहन करते हुए भस्म आरती, अभ्यंग स्नान के बाद की आरती, संध्या आरती और शयन आरती में पूजा के अभिन्न अंग के रूप में केवल एक फु लझड़ी जलाई जाएगी।

इसके अलावा गर्भगृह, कोटितीर्थ कुंड और मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार के पटाखे, अनार या ज्वलनशील पदार्थलाना और जलाना पूरी तरह वर्जित रहेगा। चिकित्सालय में हुई भगवान धन्वंतरि की पूजा धनतेरस के अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित चिकित्सालय में भी भगवान धन्वंतरि की विशेष पूजा- अर्चना की गई। यह पूजन सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल द्वारा संपन्न कराया गया। इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र परमार, सह प्रभारी अनिता थोरात सहित मंदिर के कर्मचारी व चिकित्सा विभाग के कर्मी उपस्थित रहे।