भोपाल (देश दर्पण संवाद)। मध्यप्रदेश में पंचायतों के रिक्त पदों पर उप-निर्वाचन 2026 का कार्यक्रम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए 4 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। इस चुनाव के माध्यम से जिला पंचायत के एक, जनपद पंचायत के एक और सरपंच के पांच रिक्त पदों पर प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि उपचुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चुनावी कार्यक्रम के तहत, 12 नवंबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थी 19 नवंबर तक अपना नाम-निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे। प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच 20 नवंबर को की जाएगी। वहीं, उम्मीदवार 23 नवंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे और इसी दिन प्रत्याशियों को चुनाव प्रतीकों का आवंटन भी कर दिया जाएगा।

मतदान और परिणाम का समय: आयोग के निर्धा रित कार्यक्रम के अनुसार, 4 दिसंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे त क मतदान प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 8 दिसंबर को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालयों पर ईवीएम (EVM) के माध्यम से वोटों की गिनती शुरू होगी। सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के चुनाव परिणाम उसी दिन (8 दिसंबर) घोषित कर दिए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य के चुनाव की मतगणना भी 8 दिसंबर को ही पूरी कर ली जाएगी, लेकिन इसके परिणाम की आधिकारिक घोषणा अगले दिन, 9 दिसंबर को सुबह 10.30 बजे की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान और चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए अपनी कमर कस ली है।