आज के दौर में मनुष्य ने विज्ञान, तकनीक और सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है, लेकिन इस प्रगति के बीच उसका स्वास्थ्य पीछे छू टता जा रहा है। अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खानपान, शारीरिक श्रम की कमी, तनाव और अपर्याप्त नींद अनेक स्वास्थ्य समस्याओं के प्रमुख कारण बन रहे हैं। मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी गैर-संचारी बीमारियाँ अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं में भी तेजी से देखी जा रही हैं। चिंतांजनक बात यह है कि अधिकांश लोग बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करते हैं और समस्या गंभीर होने पर ही चिकित्सकीय सहायता लेते हैं। स्वास्थ्य केवल बीमारी न होने का नाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक कल्याण की अवस्था है। इसके लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना आवश्यक है। इस दिशा में परिवार, विद्यालय, समाज और सरकार सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विद्यालयों में स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देना, सार्वजनिक स्थानों पर व्यायाम की सुविधाएँ विकसित करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाना समय की आवश्यकता है। आयुर्वेद में भी स्वस्थ जीवन के लिए दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार और संयमित व्यवहार को विशेष महत्व दिया गया है। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान और पारंपरिक स्वास्थ्य ज्ञान का वैज्ञानिक एवं प्रमाण-आधारित समन्वय जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हो सकता है। अंतः स्वास्थ्य पर किया गया निवेश खर्चनहीं, बल्कि बेहतर भविष्य की पूंजी है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।