मुंबई:सीता राम चरित अति पावन, मधुर सरस अरु अति मनभावन। पुनि पुनि कितनेहु सुने सुनाये, हिय की प्यास बुझत न बुझाये। रामकथा की महत्ता को बयां करने वाला यह भावपूर्ण दोहा शाश्वत सत्य है। रामकथा का आकर्षण इतना व्यापक और विराट है कि वाल्मीकिजी से लेकर आज तक अनगिनत मनीषियों ने इसे अपने- अपने तरीके से गढ़ा है। रामलीलाओं, टेलीविजन और सिनेमा के पर्दे पर कई बार प्रस्तुत होने के बावजूद श्रीराम का जीवन इतना बहुआयामी और प्रेरणादायी है कि इसे कितनी भी बार देख लें, मन नहीं भरता। इसी अटूट आस्था को निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा ने अपनी नई फिल्म ‘रामायण’ के जरिए भव्यतम रूप में प्रस्तुत करने का साहसिक प्रयास किया है। हॉलीवुड की तकनीकी उत्कृष्टता को टक्कर देने के उद्देश्य से बनाई गई यह फिल्म, दर्शकों की उम्मीदों पर काफी हद तक खरी उतरती है। कुछ कमियों को दरकिनार कर दें, तो बॉलीवुड को तकनीकी मोर्चे पर वैश्विक स्तर पर खड़ा करने का इस फिल्म का दावा मजबूत नजर आता है।

दृश्य और तकनीक: वीएफएक्स (VFX) और फिल्मांकन के स्तर पर फिल्म अद्भुत है। विशेष रूप से सीता हरण के समय जटायु-रावण का संघर्ष और देवराज इंद्र के साथ रावण का युद्ध दर्शकों को रोमांचित कर देता है। 8 बार ऑस्कर जीत चुकी कंपनी ‘DNEG’ ने जटायु के किरदार को इतने महारत से गढ़ा है कि वे स्क्रीन पर पूरी तरह छा जाते हैं। अनुपम खेर की दमदार आवाज ने इस वीएफएक्स किरदार में प्राण फूंक दिए हैं। निर्देशन और भावनाएं : नितेश तिवारी के सामने सबसे बड़ी चुनौती ‘तकनीकी भव्यता’ के शोर में रामकथा की ‘दि व्यता’ को बचाए रखने की थी, जिसमें वे काफी हद तक सफल रहे हैं। वनवास गमन और सीता वियोग से जुड़े दृश्य भावनात्मक रूप से दर्शकों को गहराई से छूते हैं। संगीत: हंस जिमर और ए.आर. रहमान की जुगलबंदी ने बैकग्राउंड स्कोर (BGM) को बेहद प्रभावशाली बनाया है, जो फिल्म को ‘लार्जर देनलाइफ’ एहसास देता है। काश! रहमान ने फिल्म के गीतों पर भी BGM जैसा ही जादुई काम किया होता, तो यह फिल्म एक अलग ही ऊंचाई पर होती।

फिर भी, संगीत उतना बुरा नहीं है, जितनी इसकी पूर्वमें आलोचना हो रही थी। अभिनय और कास्टिंग: किरदारों को लेकर शुरुआत से ही जो संशय था, कलाकारों ने उसे दूर करने की पूरी कोशिश की है। श्रीराम के रूप में रणबीर कपूर और माता सीता के रूप में साईं पल्लवी ने अपना शत-प्रतिशत दिया है, हालांकि माता सीता के लिए कास्टिंगं को और बेहतर किया जा सकता था। वहीं, रावण के रूप में यश का ‘ऑरा’ (Aura) और स्क्रीन प्रेजेंस लाजवाब है। लक्ष्मण (रवि दुबे), शूर्पणखा (रकु ल प्रीत सिंह) और विद्युतजिव्हा (विवेक ओबेरॉय) भी अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं। सिनेमाई स्वतंत्रता और कमियां: समीक्षा के नजरिए से कुछ रचनात्मक स्वतंत्रताएं खटकती हैं। उदाहरण के लिए, माता सीता का राक्षसों से युद्ध करना या शिव धनुष ‘पिनाक’ के भंग होने के बाद भगवान परशुराम की एंट्री की टाइमिंगं अटपटी लगती है। वनवास के दौरान माता सीता द्वारा श्रीराम को सीधे नाम लेकर संबोधित करना भी थोड़ा असहज करता है।

इसके अलावा, इतने सशक्त कथानक के बावजूद फिल्म कुछ बेहद यादगार और उद्धृत करने लायक संवाद (Dia-logues) रचने में चूक गई है। बॉक्स ऑफिस के कारोबारी नजरिए से, इस ‘रामायण’ की असली सफलता यह है कि इसने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की गाथा को ग्लोबली एक ग्रैंड कैनवास पर भव्यता के साथ प्रस्तुत किया है। सिनेमा की जिस शैली को आज की जेन-Z (Gen-Z) और जेन अल्फा पीढ़ी पसंद करती है, यह फिल्म उनके बिल्कुल अनुकूल है। देर रात के शोज़ में भी परिवारों और बच्चों की भीड़ यह साबित करती है कि फिल्म ने कामयाबी की पटकथा लिख दी है और यही इस भव्य ‘रामायण’ की असली सार्थकता है।