उत्तर प्रदेश की राजनीति केवल 403 विधानसभा सीटों का गणित नहीं है। यह देश की सत्ता के मानस को प्रभावित करने वाली वह राजनीतिक धुरी है, जिसके इर्द-गिर्द राष्ट्रीय राजनीति की अनेक दिशाएं तय होती रही हैं। वर्ष 2027 में होने वाला उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव इसलिए महज सत्ता परिवर्तन या सत्ता की निरंतरता का चुनाव नहीं होगा, बल्कि यह सामाजिक समीकरणों, विकास की राजनीति, आरक्षण, रोजगार, कानून-व्यवस्था और राजनीतिक नैरेटिव की भी परीक्षा होगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा का वर्तमान कार्यकालमई 2027 में समाप्त होना है। इसके साथ ही राज्य की राजनीतिक जमीन पर अभी से गतिविधियां तेज होना स्वाभाविक है। राजनीतिक दलों के लिए सबसे बड़ी चुनौती केवल मतों को अपने पक्ष में करना नहीं, बल्कि अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच अपनी स्वीकार्यता का विस्तार करना होगी। 2024 के लोकसभा चुनाव ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया।
भारतीय जनता पार्टी को राज्य में 33 सीटें मिलीं, जबकि समाजवादी पार्टी ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटें जीतीं। परिणाम ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रदेश का मतदाता किसी एक राजनीतिक ध्रुव में पूरी तरह बंधा हुआ नहीं है। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा 255 सीटों और लगभग 41.29 प्रतिशत मत के साथ सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई थी, जबकि सपा को 111 सीटें और लगभग 32.06 प्रतिशत मत मिले थे। यही कारण है कि 2027 का चुनाव सरल समीकरणों से समझना कठिन होगा। आरक्षण और यूजीसी की बहस बनेगी महत्वपूर्णमुद्दा इन दिनों उच्च शिक्षा, आरक्षण और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दे राजनीतिक विमर्श में प्रमुखता पा रहे हैं। यूजीसी ने जनवरी 2026 में उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता को बढ़ावा देने से संबंधित नए नियम जारी किए हैं। उच्च शिक्षा संस्थानों में जातिगत भेदभाव रोकने और समान अवसर सुनिश्चित करने की व्यवस्था पहले से ही नियामकीय ढांचे का हिस्सा रही है।
लेकिन राजनीतिक प्रश्न यह है कि इन नीतियों को समाज के विभिन्न वर्ग किस रूप में देखते हैं। सामान्य वर्ग के एक हिस्से में आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा की मांग लंबे समय से उठती रही है, वहीं अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण को सामाजिक प्रतिनिधित्व और ऐतिहासिक असमानता दूर करने का संवैधानिक माध्यम माना जाता है। यहीं से राजनीति का सबसे संवेदनशील प्रश्न सामने आता है— समान अवसर और सामाजिक न्याय के बीच संतुलन कैसे स्थापित हो? यदि राजनीतिक दल इस प्रश्न का उत्तर केवल नारों से देंगे तो सामाजिक विभाजन बढ़ सकता है। लेकिन यदि वे शिक्षा, रोजगार, आर्थिक अवसर और संवैधानिक अधिकारों के संदर्भ में ठोस नीतिगत प्रस्ताव रखते हैं तो चुनावी बहस अधिक सार्थक हो सकती है। सवर्ण असंतोष बनाम सामाजिक न्याय उत्तर प्रदेश में लंबे समय से भाजपा का एक महत्वपूर्णसामाजिक आधार सामान्य वर्ग के मतदाताओं में रहा है।
ऐसे में यूजीसी, आरक्षण और एसी-एसटी कानून से जुड़े विवादों पर उठने वाली आवाजों को नजरअंदाज करना किसी भी दल के लिए आसान नहीं होगा। दूसरी ओर, आरक्षण केवल चुनावी मुद्दा नहीं है। यह संविधान, प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय से जुड़ा प्रश्न है। इसलिए इस विषय पर राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्हें यह स्पष्ट करना होगा कि वे आरक्षण व्यवस्था को लेकर क्या सोचते हैं, उसकी कमियों को कैसे दूर करेंगे और सामान्य वर्ग के युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार किस प्रकार करेंगे। यही वह क्षेत्र है जहां 2027 की राजनीति में भावनाओं के बजाय नीतियों की परीक्षा हो सकती है। ‘पीडीए’ की राजनीति और बदलता सामाजिक गणित समाजवादी पार्टी ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक—पीडीए—के सामाजिक समीकरण को अपनी राजनीति के केंद्र में रखा है। कांग्रेस भी सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक विमर्श में प्रमुखता देती रही है। लेकिन सामाजिक समीकरण केवल जातीय गणित से स्थायी नहीं होते।
मतदाता यह भी देखता है कि उसके सामने शासन का मॉडल क्या है, रोजगार की संभावनाएं क्या हैं, शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति कैसी है तथा कानून-व्यवस्था को लेकर उसका अनुभव क्या है। इसीलिए 2027 की लड़ाई में ‘कौन किस जाति के साथ है’ से आगे बढ़कर यह प्रश्न महत्वपूर्ण होगा कि कौन किस वर्ग के लिए क्या करेगा? बसपा के सामने अस्तित्व और पुनर्स्थापना की चुनौती बहुजन समाज पार्टी कभी उत्तर प्रदेश की राजनीति में निर्णायक शक्ति हुआ करती थी। 2007 में उसने सामाजिक समीकरणों को साधते हुए पूर्णबहुमत की सरकार बनाई थी। लेकिन बाद के चुनावों में उसका राजनीतिक प्रभाव घटा। 2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा को केवल एक सीट मिली। इसके बावजूद दलित राजनीति में उसका ऐतिहासिक प्रभाव पूरी तरह समाप्त मान लेना जल्दबाजी होगी। इसी सामाजिक आधार में नए नेतृत्व के उभार ने भी प्रदेश की राजनीति को प्रभावित किया है। नगीना लोकसभा सीट से चंद्रशेखर आजाद की जीत ने दलित राजनीति के भीतर नेतृत्व के नए आयाम को सामने रखा।
अब प्रश्न यह है कि बसपा अपने पुराने सामाजिक आधार को किस तरह पुनर्गठित करती है और क्या वह 2027 में किसी बड़े सामाजिक समीकरण की धुरी बन पाती है। मुस्लिम मतों पर भी रहेगी निगाह उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति में मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। समाजवादी पार्टी लंबे समय से इस वर्ग में मजबूत राजनीतिक समर्थन का दावा करती रही है। लेकिन कांग्रेस, बसपा और अन्य दलों की सक्रियता इस सामाजिक समूह के भीतर राजनीतिक विकल्पों को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में विपक्ष के सामने केवल भाजपा को चुनौती देने का प्रश्न नहीं होगा, बल्कि अपने-अपने सामाजिक आधार को बनाए रखने की चुनौती भी होगी। सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारा भी एक महत्वपूर्णराजनीतिक प्रश्न बन सकता है। लोकसभा चुनाव में दोनों दलों के गठबंधन ने अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन विधानसभा चुनाव का सामाजिक और स्थानीय गणित अलग होता है। विधानसभा में प्रत्येक सीट का स्थानीय समीकरण अधिक निर्णायक हो जाता है।
भाजपा के सामने भी कम चुनौतियां नहीं भाजपा के लिए 2027 का चुनाव केवल उपलब्धियों को गिनाने का अवसर नहीं होगा। उसे रोजगार, परीक्षा व्यवस्था, महंगाई, किसानों की आय, युवाओं की आकांक्षाओं और सामाजिक असंतोष जैसे सवालों का जवाब भी देना होगा। कानून-व्यवस्था और विकास सरकार के प्रमुख दावे हो सकते हैं, लेकिन लोकतंत्र में सरकार के काम का मूल्यांकन विपक्षी आरोपों के साथसाथ जनता के रोजमर्रा के अनुभवों से होता है। युवा मतदाता विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा। मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर में राजनीतिक संदेश कुछ ही घंटों में प्रदेश के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुंच जाता है। इसलिए 2027 का चुनाव केवल मैदान में नहीं, डिजिटल मंचों पर भी लड़ा जाएगा। नैरेटि व की लड़ाई होगी निर्णायक: 2024 के लोकसभा चुनाव ने यह दिखाया कि चुनाव में नीतियों और उपलब्धियों के साथ राजनीतिक नैरेटिव की भी बड़ी भूमिका होती है। संविधान और आरक्षण को लेकर विपक्षी दलों के अभियान ने चुनावी बहस को प्रभावित किया था।
भाजपा ने इन आरोपों का खंडन करते हुए संविधान और आरक्षण की रक्षा का अपना पक्ष रखा था। 2027 में भी ऐसे नैरेटिव सामने आएंगे। लेकिन मतदाता के सामने अब केवल आरोप और प्रत्यारोप नहीं, बल्कि ठोस सवाल होंगे—रोजगार कैसे बढ़ेगा? सरकारी परीक्षाओं की व्यवस्था कैसे सुधरेगी? शिक्षा की गुणवत्ता कैसे बेहतर होगी? आरक्षण व्यवस्था में पारदर्शिता कैसे आएगी? युवाओं को अवसर कैसे मिलेंगे? और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक कैसे पहुंचेगा? इन सवालों के ठोस उत्तर ही चुनावी विमर्श को दिशा दे सकते हैं। 2027 से 2029 तक की राजनीतिक यात्रा उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव 2029 के लोकसभा चुनाव से अलग नहीं देखा जा सकता। राज्य की 80 लोकसभा सीटें राष्ट्रीय राजनीति में इसे अत्यंत महत्वपूर्णबनाती हैं। 2024 के परिणामों ने दिखाया कि उत्तर प्रदेश में सीटों का संतुलन बदलने पर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक तस्वीर भी प्रभावित होती है। लेकिन 2027 को 2029 का सीधा पूर्वाभ्यास माना भी उचित नहीं होगा।
विधानसभा चुनाव में स्थानीय नेतृत्व, उम्मीदवार, क्षेत्रीय मुद्दे और सरकार के प्रत्यक्ष प्रदर्शन की भूमिका अधिक होती है। इसलिए 2027 में बने वाले राजनीतिक समीकरण 2029 के लिए संकेत अवश्य देंगे, पर उनका अंतिम परिणाम पहले से तय माना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सरल करके देखने जैसा होगा। उत्तर प्रदेश की जनता के सामने अब अनेक प्रश्न हैं और हर दल अपने उत्तर के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है। आरक्षण और सामाजिक न्याय के प्रश्न हों या रोजगार और शिक्षा के कानून-व्यवस्था हो या विकास; जातीय समीकरण हों या नए युवा मतदाता—इन सभी के बीच 2027 का चुनाव प्रदेश की राजनीतिक चेतना की परीक्षा भी होगा। अंतः लोकतंत्र में पटकथा कोई एक दल नहीं लिखता। पटकथा जनता लिखती है—अपने अनुभव, अपेक्षाओं, असंतोष और विश्वास से। उत्तर प्रदेश की जनता 2027 में जिस मुद्दे को प्राथमिकता देगी, वही प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करेगा। और उस दिशा की गूंज 2029 की राष्ट्रीय राजनीति में भी सुनाई पड़ सकती है।