दिल्ली। एशियाई खेलों में भारत की कहानी सिर्फ पदकों की गि नती नहीं है। यह उन अलग-अलग मैदानों की कहानी है, जहां हर दिन किसी नए खिलाड़ी ने तिरंगे को ऊपर उठाया। कहीं निशाना साधते हाथ नहीं कांपे, कहीं आखिरी सेकंड तक दौड़ते कदम नहीं रुके और कहीं बरसों का इंतजार एक जीत के साथ खत्म हुआ। 3 अक्टूबर को पुरुष क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण जरूर जोड़ा, लेकिन उसे पहले भारत की पदक यात्रा कई खेलों में अपनी पहचान बना चुकी थी। शुरुआत में ही शूटिंग ने भारत को भरोसा दिया। एलावेनिल वलारिवन, हिमांशु ढिल्लों, रुद्रांक्ष पाटिल और ईशा सिंह जैसे निशानेबाजों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक दिलाए। टीम इवेंट्स में भी भारत लगातार पोडियम तक पहुंचा। बंदूक की नली से निकली हर सटीक गोली जैसे भारतीय अभियान को एक और मजबूत आधार देती चली गई। उस सटीकता की अगली तस्वीर तीरंदाजी में दिखाई दी। महिला कंपाउंड टीम, मिश्रित कंपाउंड टीम और पुरुष कंपाउंड टीम के स्वर्ण के बाद रिकर्वमें भी भारत ने बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं।

17 साल की कुमकुम मोहोड़ ने 3 अक्टूबर को दक्षिण कोरिया की ओह ये-जिन को शूट￾ऑफ में हराकर व्यक्तिगत रिकर्व स्वर्ण जीता। वह एशियाई खेलों में व्यक्तिगत रिकर्व स्वर्णजीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। उसी दिन नीरज चौहान ने पुरुष रिकर्वमें कांस्य जीता। कुमकुम की जीत के बाद नजरें उन खिलाड़ियों पर गईं जिनके लिए जीत का मतलब सिर्फ पदक नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत का जवाब था। मीराबाई चानू ने 49 किग्रा भारवर्गमें रजत जीता, जबकि वुशू में रोशिबिना देवी ने भी रजत अपने नाम किया। दोनों पदक अलग-अलग खेलों से आए, लेकिन मंच पर तिरंगा वही था। ट्रैकै पर भारत की कहानी और लंबी हुई। गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर और 1500 मीटर में रजत के साथ-साथ 5000 मीटर और मिश्रित 4x100 मीटर रिले में कांस्य भी जीता। अंसी सोजन, सरवेश कुशारे, तजिं दरपाल सिंह तूर, मुरली श्रीशंकर और यशवीर सिंह ने भी एथलेटिक्स में भारत की पदक सूची बढ़ाई।

महिलाओं की 400 मीटर, 400 मीटर हर्डल्स, 5000 मीटर, 10,000 मीटर, पोल वॉल्ट और हाई जंप में भी भारतीय एथलीट पोडियम तक पहुंचे। मैदान से रिं ग में पहुंचे तो लवलीना बोरगोहेन, परवीन हुड्डा और अंकुश पंघाल ने मुक्केबाजी में स्वर्ण दिलाए। इनके साथ प्रिय घंघास, कपिल पोखरिया और नरेंद्र बरवाल ने कांस्य जीते। कुश्ती में सुजीत कलकल ने स्वर्ण और नितेश सिवाच तथा सुनील कुमार ने रजत-कांस्य के जरिए भारत की ताकत दिखाई। कुश्ती की जद्दोजहद के बाद टीम खेलों ने कहानी को अलग रंग दिया। महिला और पुरुष कबड्डी टीमों ने स्वर्णजीते, जबकि भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल का इंतजार खत्म करते हुए एशियाई खेलों का स्वर्ण अपने नाम किया। यह जीत सिर्फ स्कोरबोर्ड पर दर्ज एक और स्वर्ण नहीं थी; यह उस टीम की वापसी थी जिसने लंबे समय से इस मंच पर शीर्षस्थान का इंतजार किया था। इसी बीच स्क्वैश में अनाहत सिंह और अभय सिंह ने रजत, जबकि टीम और मिश्रित युगल में भारत ने कांस्य जीते।

गोल्फ में प्रणवी उर्सने इतिहास रचते हुए व्यक्तिगत स्वर्णजीता और अदीति अशोक व दीक्षा डागर के साथ महिला टीम ने रजत हासिल किया। बैडमिं टन, टेबले टेनिस, रोइंग, सेलिं ग, सॉफ्ट टेनिस, कुराश, सेपकटकरॉ और एमएमए में आए कांस्य पदकों ने भी इस अभियान में अपनी जगह बनाई। और फिर आया वह मुकाबला, जिसका इंतजार पूरे एशिया को था। भारत बनाम पाकिस्तान, एशियाई खेलों का पुरुष क्रिकेट फाइनल। भारत ने 211/6 बनाए और पाकिस्तान को 192/6 तक रोकर 19 रन से स्वर्ण जीत लिया। अभिषेक शर्मा के 61 और तिलक वर्मा के नाबाद 51 रन ने जीत की नींव रखी। लेकिन इस बार असली जीत सिर्फ क्रिकेट की नहीं है। 19 स्वर्ण, 26 रजत और 36 कांस्य—कुल 81 पदक भारत की उस यात्रा का हिसाब हैं, जिसमें हर खेल की अपनी कहानी है। किसी ने रिकॉर्ड बनाया, किसी ने इतिहास रचा, किसी ने पदक जीतकर तिरंगा उठाया और किसी ने पोडियम से चूकर भी अपना सब कुछ मैदान पर छोड़ दिया।

एशियाई खेल खत्म होने से एक दिन पहले भारत के खाते में यही सबसे बड़ी तस्वीर है—एक टीम नहीं, कई खेलों से मिलकर बना पूरा भारत।