इंदौर/भोपाल। स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर के लिए आदर्शबन चुके मध्य प्रदेश ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मूके करकमलों से प्रदेश के नौ प्रमुख शहरों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने यह पुरस्कार ग्रहण किए। इस वर्षके परिणामों में सबसे खास उपलब्धि इंदौर और देपालपुर की जोड़ी के नाम रही, जिसे ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ (मेंटर सिटी) की प्रतिष्ठित श्रेणी में पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इंदौर नगर निगम ने न केवल अपने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखा, बल्कि पड़ोसी नगर परिषद देपालपुर का मार्गदर्शन कर उसे भी स्वच्छता के मानकों पर खरा उतरने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इंदौर के अलावा उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, देवास, रीवा, सागर और बुदनी को भी कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण और स्वच्छ नवाचारों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। हालांकि, लगातार आठ वर्षों तक देश के सबसे स्वच्छ शहर का शीर्षताज अपने नाम रखने वाले इंदौर के लिए इस बार ओवरऑल रैंकिं ग में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का माना है कि इंदौर की जनता की भागीदारी और सफाई मित्रों की दिन-रात की मेहनत ही प्रदेश की असली ताकत है। नई दिल्ली से पुरस्कार मिलने की सूचना मिलते ही इंदौर और देपालपुर में उत्सव जैसा माहौल देखा गया। महापौर और निगम अधिकारियों ने शहरवासियों को इस सफलता का श्रेय देते हुए कहा कि अब लक्ष्य अगले सर्वेक्षण में सभी श्रेणियों में शीर्ष स्थान हासिल करने का है। राज्य सरकार ने भी इस उपलब्धि पर सभी नगरीय निकायों को बधाई देते हुए कहा है कि मध्य प्रदेश के शहरों का स्वच्छता मॉडल आज देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है।
