देश दर्पण संवाद। आजादी के इस अमृत काल में जब मैं अपने अतीत के पन्नों को पलटता हूँ, तो मेरे जहन में मेरे माता-पिता से जुड़ी संघर्षकी अनगिनत कहानियां जीवंत हो उठती हैं। मेरे पिताजी कन्हैयालाल जी खादीवाला और माताजी कावेरी देवी, दोनों ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। आज इस कॉलम के माध्यम से मैं उनकी वह देशभक्ति और त्याग आप सभी के साथ साझा कर रहा हूँ, जो मेरे लिए किसी धरोहर से कम नहीं है। मेरे दादाजी जगन्नाथ व्यास जी के इकलौते पुत्र, मेरे पिताजी का जन्म मूल रूप से राजगढ़ जिले के जीरापुर के भंडावत गांव में वर्ष 1904 में हुआ था। बचपन से ही उनके मन में देशप्रेम की भावना थी और वे गांधीजी के विचारों से प्रभावित होकर देश सेवा में जुट गए थे। विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार आंदोलन के दौरान पिताजी कंधे पर खादी रखकर गांव-गांव जाते थे और अपने हाथों से चरखे से सूत काते थे। जब वे गांधीजी से मिले, तो बापू ने उनका खादी के प्रति यह अगाध लगाव और समर्पण देखकर ही उन्हें 'खादीवाला' नाम से पुकारा था।
उसी दिनसे उनके नाम के साथ यह उपनाम हमेशा के लिए जुड़ गया और वे 'कन्हैयालाल व्यास' से 'कन्हैयालाल खादीवाला' हो गए। उनके संघर्ष का सबसे बड़ा प्रमाण मेरा स्वयं का जन्म है। 'भारत छोड़ो आंदोलन' के दौरान मेरी माताजी गर्भवती थीं और पिताजी के साथ उन्हें भी जेल में डाल दिया गया था। मेरा जन्म उसी जेल की सलाखों के पीछे हुआ। मेरा वास्तविक नाम सुरेश है, लेकिन जेल में जन्म लेने के कारण ही मेरी माँ मुझे स्नेह से 'कृ ष्ण' कहकर बुलाती थीं। स्वतंत्रता प्राप्ति के समय 1947 में जब विभाजन के कारण कई स्थानों पर दंगे भड़क उठे तब पिताजी ने अपनी जान की परवाह किए बिना दंगा प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों को समझाया। उन्होंने कई बार लाठियां खाईं और लोगों का आक्रोश झेला, लेकिन शांति स्थापित करने से पीछे नहीं हटे। उन्होंने 1942 में इंदौर में 'गांधी भवन' की स्थापना के लिए करीब 70 हजार रुपये एकत्रित किए थे। मध्य प्रदेश बने के बाद 1957 में वे इंदौर लोकसभा के पहले सांसद भी बने।
राष्ट्र के प्रति उनके इस अप्रतिम और अनुकरणीय योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा स्वतंत्रता के 25वें वर्ष (15 अगस्त 1972) के अवसर पर त्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी द्वारा मेरे पिताजी और माताजी, दोनों को राष्ट्र की ओर से 'ताम्रपत्र' भेंट कर सम्मानित किया गया। आज 84 वर्षकी आयु में, मुझे इस बात का असीम गर्वहै कि मैं ऐसे माता-पिता की संतान हूँ जिन्होंने स्वतंत्र भारत के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। देश के लिए उनका यह निस्वार्थप्रेम हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा एक मिसाल रहेगा।
