देश दर्पण संवाद। आज के दौर में किसी भी छोटी-मोटी शारीरिक परेशानी के लिए दवा लेना आम बात हो गई है। सिरदर्द हो, पेट में दर्द हो, सर्दी-जुकाम हो या नींद न आने की समस्या, लोग अक्सर बिना चिकित्सकीय परामर्शके दवाइयों का सेवन शुरू कर देते हैं। बदलती जीवनशैली और जल्द राहत पाने की इच्छा ने समाज में दवाइयों पर निर्भरता को एक नई चुनौती बना दिया है। चिकित्सा विज्ञान में दवाइयों का योगदान असाधारण है। अनेक गंभीर बीमारियों का उपचार दवाओं के माध्यम से संभव हुआ है। लेकिन समस्या तब उत्पन्न होती है, जब दवाइयों का उपयोग आवश्यकता से अधिक, गलत तरीके से या बिना उचित सलाह के किया जाता है। विशेष रूप से एंटीबायोटिक दवाओंका अनावश्यक सेवन एक गंभीर चिंतां का विषय है। वायरल संक्रमण में भी कई लोग एंटीबायोटिक लेने की मांग करते हैं, जबकि ये दवाएं बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण के उपचार में उपयोगी होती हैं।

इनके अनुचित उपयोग से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंसं यानी रोगाणुओं में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने का खतरा बढ़ता है। भविष्य में यह स्थिति सामान्य संक्रमणों के उपचार को भी कठिन बना सकती है। दूसरी ओर, दर्द नि वारक दवाओं और अन्य औषधियों का लंबे समय तक बिना चिकित्सकीय निगरानी के सेवन भी नुकसानदायक हो सकता है। कुछ दवाएं पेट, गुर्दे, यकृत और अन्य अंगों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं। इसलिए दवा का चयन केवल किसी दूसरे व्यक्ति के अनुभव या इंटरनेट पर मिली जानकारी के आधार पर नहीं करना चाहिए। यह भी समझना जरूरी है कि हर बीमारी का समाधान केवल दवा नहीं है। कई स्वास्थ्य समस्याओं में खानपान में सुधार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, तनाव नियंत्रण और जीवनशैली में बदलाव महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हालांकि, इन उपायों को आवश्यक चिकित्सकीय उपचार का विकल्प नहीं समझना चाहिए। इस दिशा में चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मरीज को केवल दवा देना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि यह समझाना भी जरूरी है कि दवा क्यों दी जा रही है, कितने समय तक लेनी है और किन सावधानियों का पालन करना है। वहीं आम नागरिकों को भी बिना सलाह के दवा लेने, दूसरों की बची हुई दवाइयों का उपयोग करने और स्वयं एंटीबायोटिक शुरू करने से बचना चाहिए। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक समाज वही है, जो बीमारी होने पर सही उपचार ले और बीमारी से बचाव के लिए भी जिम्मेदारी समझे। हमें ऐसी चिकित्सा संस्कृति विकसित करनी होगी, जहां दवाइयों का उपयोग आवश्यकता के अनुसार हो, न कि आदत के अनुसार। क्योंकि चिकित्सा की वास्तविक सफलता केवल दवाइयों की संख्या बढ़ाने में नहीं, बल्कि लोगों को स्वस्थ और जागरूक बनाने में है।