भोपाल। मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा पर्यटन को नई गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि प्रदेश में इसी शैक्षणिक सत्र से एक और शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय प्रारंभ किया जाएगा। वे गुरुवार को राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित मध्यप्रदेश राज्य दंत परिषद के हीरक जयंती समारोह और युवा दंत चिकित्सक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने मुंह के कैंसर की रोकथाम और इसके बेहतर उपचार के लिए राज्य में एक विशेष नीति तैयार करने की पहल की बात कही। इसके लिए उन्होंने राज्य दंत परिषद को ओरल हेल्थ नीति का प्रारूप बनाकर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। डॉ. यादव ने कहा कि दंत चिकित्सक परिषद से जुड़कर प्रदेश के छोटे-छोटे स्थानों तक अपनी सेवाएं पहुंचा रहे हैं, जो समाज के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्णहै। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दंत चिकित्सकों को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है और सरकार आगामी दो वर्षों में दो लाख रिक्त पदों पर भर्ती करेगी। उन्होंने युवा चिकित्सकों से सेवा भावना और पारदर्शिता के साथ गरीबों को कम खर्चमें बेहतर इलाज उपलब्ध कराने तथा नियमित दि नचर्या, योग और ध्यान अपनाने का आह्वान किया।