भुवनेश्वर: बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ तेजी से भारत के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, गुरुवार 19 नवंबर की दोपहर यह तूफान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ता हुआ केंद्रित रहा। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि यह चक्रवात शुक्रवार, 20 नवंबर की दोपहर तक ओडिशा के गोपालपुर तट के पास से गुजर सकता है। संभावित आपदा को देखते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। ओडिशा सरकार ने जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए व्यापक बचाव अभियान शुरू किया है। राज्य प्रशासन निचले और संवेदनशील इलाकों से लगभग तीन लाख लोगों को सुरक्षित निकालकर चक्रवात आश्रय स्थलों तक पहुंचा रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है।
उधर, आंध्र प्रदेश के दो तटीय जिलों में भी मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी के चलते रेड अलर्टघोषित किया गया है। चक्रवात के खतरे का सीधा असर रेल यातायात और पर्यटन स्थलों पर भी पड़ा है। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से ओडिशा से गुजरने वाली वंदे भारत और लंबी दूरी की एक्सप्रेस गाड़ियों सहित 65 से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 28 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। इसके अलावा, भारतीय पुरात्व सर्वेक्षण (एसआई) ने विश्व प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर और पुरात्व संग्रहालय को 19 से 21 नवंबर तक पर्यटकों के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया है। पुरी स्थित गुंडिचा मंदिर भी तीन दिनों के लिए बंद रहेगा, हालांकि श्री जगन्नाथ मंदिर में दैनिक पूजा-अर्चना नियमित रूप से जारी रहेगी।
