नई दिल्ली। अंतराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर भारत के आयात खर्च पर दिखाई देने लगा है। अक्टूबर 2026 में भारत का तेल और गैस का शुद्ध आयातबिल बढ़कर 16 अरब डॉलर पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी महीने यह 10 अरब डॉलर था। यानी एक साल में आयात बिल में 6 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज की गई है। पेट्रोलियम प्लानिंगं एंड एनालिसिस सेल (PPAC) के आंकड़ों के अनुसार, वैश्विक बाजार में कीमतों में बढ़ोतरी इसका प्रमुख कारण रही। अक्टूबर में भारतीय कच्चे तेल की औसत आयात कीमत 119.91 डॉलर प्रति बैरल रही, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 65.08 डॉलर प्रति बैरल थी। भारत अपनी कुल कच्चे तेल की जरूरत का 85 प्रतिशत से अधिक हिस्सा विदेशों से आयात करता है। ऐसे में अंतराष्ट्रीय कीमतों में बदलाव का सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ता है। अक्टूबर के दौरान भारत ने कच्चे तेल के आयात पर करीब 19.5 अरब डॉलर और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) के आयात पर 1.3 अरब डॉलर खर्चकिए।

वहीं पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात से देश को लगभग 6.3 अरब डॉलर की आय हुई। मात्रा के लिहाज से भी कच्चे तेल का आयात बढ़ा है। अक्टूबर में भारत ने 23.31 मिलियन मीट्रिक टन कच्चे तेल का आयात किया, जो पिछले साल के इसी महीने के 21 मिलियन टन से 11 प्रतिशत अधिक है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल से अक्टूबर के बीच देश का शुद्ध तेल एवं गैस आयात बिल बढ़कर 97.7 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्षकी समान अवधि में यह 70.3 अरब डॉलर था। इस दौरान पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात में भी दबाव देखने को मिला। अक्टूबर में निर्यात 4.7 प्रतिशत बढ़ा, लेकिन अप्रैल-अक्टूबर की कुल अवधि में इसमें 13.2 प्रतिशत की गिरावट दर्जकी गई। भारत के लिए बढ़ता आयात बिल केवल ऊर्जा क्षेत्र की चुनौती नहीं है। इसे विदेशी मुद्रा की मांग, चालू खाते के घाटे और परिवहन एवं विनिर्माण कं पनियों की लागत पर भी दबाव बढ़ सकता है।