नई दिल्ली/ देश दर्पण संवाद। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने देश के करोड़ों संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को राहत देते हुए बीमारी, मातृत्व और कार्यस्थल पर दुर्घटना से जुड़े आर्थिक लाभों के भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए नए नियम अधिसूचित किए हैं। नई व्यवस्था के तहत पात्र कर्मचारियों को कई तरह के लाभ पाने के लिए अलग से दावा आवेदन जमा करने की जरूरत नहीं होगी। भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। इसे कर्मचारियों को कागजी कार्रवाई से राहत मिलने के साथ ही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुंच भी बेहतर होने की उम्मीद है। ESIC द्वारा अधिसूचित कर्मचारी राज्य बीमा (सामान्य) विनियम, 2026 ने वर्ष 1950 से लागू पुराने नियमों की जगह ली है। ये बदलाव सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के प्रावधानों को लागू करने की दिशा में महत्वपूर्णकदम माने जा रहे हैं। नई व्यवस्था में डिजिटल प्रणाली और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) को प्रमुखता दी गई है।

तीन शर्तें पूरी होने पर अपने आप शुरू होगी प्रक्रिया नए नियमों के अनुसार बीमारी और मातृत्व लाभ के लिए अलग से आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी, यदि तीन प्रमुख शर्तें पूरी होती हैं। पहली, कर्मचारी का मेडिकल सर्टिफिकेट ESIC के सूचना तंत्र के माध्यम से जारी किया गया हो। दूसू री, नियोक्ता ने अपने पोर्टल पर आवश्यक मासिक रिटर्न जमा किया हो। तीसरी, कर्मचारी का बैंक खाता आधार से जुड़ा हो और उसका बीमा नंबर भी आधार से लिंक हो। इन शर्तों के पूरा होने पर संबंधित लाभ के दावे की प्रक्रिया स्वतः शुरू की जा सकेगी। हालांकि, कर्मचारियों का स्वयं ऑनलाइन या अन्य माध्यम से दावा प्रस्तुत करने का अधिकार बना रहेगा। दुर्घटना में घायल कर्मचारियों और परिवारों को भी राहत नई व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण पहलू कार्यस्थल पर होने वाली दुर्घटनाओं से जुड़े मुआवजे की प्रक्रिया में बदलाव है। अभी तक अस्थायी रूप से दिव्यांग होने वाले कर्मचारियों को अलग से दावा करना पड़ता था।

वहीं स्थायी दिव्यांगता या कर्मचारी की मृत्यु की स्थिति में उसके आश्रितों को भी पहली किस्त के लिए आवेदन देना पड़ता था। अब यदि किसी दुर्घटना को रोजगार से संबंधित माना जाता है, तो नियोक्ता द्वारा ESIC को भेजी गई दुर्घटना रिपोर्ट ही मुआवजे के दावे के रूप में स्वीकार की जा सकेगी। इसे अस्थायी और स्थायी दिव्यांगता के साथ कर्मचारी की मृत्यु की स्थिति में आश्रितों को मिलने वाले लाभों की प्रक्रिया भी आसान होगी। ESIC अलग से आवेदन की प्रतीक्षा किए बिना भुगतान शुरू कर सकेगा। मातृत्व लाभ की अवधि में भी विस्तार नए नियमों में महिला कर्मचारियों के लिए मातृत्व लाभ से संबंधित प्रावधानों में भी बदलाव किया गया है। प्रसव की संभावित तारीख से पहले मातृत्व लाभ का दावा करने की अवधि 50 दिनों से बढ़ाकर 56 दिन कर दी गई है। हालांकि, दो या उसे अधिक जीवित बच्चों वाली बीमित महिलाओंके लिए यह अवधि 42 दिन निर्धारित की गई है।

इसके अतिरिक्त, यदि नियोक्ता समय पर आवश्यक रिटर्नया सत्यापन जमा नहीं करता है, तो केवल इस आधार पर कर्मचारी का लाभ रोका नहीं जा सकेगा। ESIC को संबंधित जानकारी नियोक्ता से प्राप्त करनी होगी। तकनीकी समस्या या बैंक खाते में गड़बड़ी के कारण DBT भुगतान असफल होने की स्थिति में निगम वैकल्पिक भुगतान माध्यम का उपयोग भी कर सकेगा। करीब 15 करोड़ लाभार्थियों को मिल सकता है फायदा ESIC की यह व्यवस्था लगभग 4 करोड़ बीमित कर्मचारियों और उनके परिवारों सहित करीब 15 करोड़ लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है। योजना के अंतर्गत चिकित्सा सुविधा, बीमारी, मातृत्व, दिव्यांगता, आश्रितों और बेरोजगारी से संबंधित सामाजिक सुरक्षा लाभ उपलब्ध कराए जाते हैं। यह सुविधा उन पात्र कर्मचारियों के लिए है जो निर्धारित वेतन सीमा और अन्य पात्रता शर्तों के अंतर्गत आते हैं। सामान्य रूप से 21,000 रुपये मासिक वेतन तक के कर्मचारी इसके दायरे में आते हैं, जबकि दिव्यांग कर्मचारियों के लिए यह सीमा 25,000 रुपये है।

नए नियमों में दावा प्राप्त होने और आवश्यक दस्तावेज पूरे होने के बाद बीमारी लाभ का भुगतान सात दिनों तथा मातृत्व लाभ की पहली किस्त का भुगतान 14 दिनों के भीतर करने का प्रावधान भी किया गया है। हालांकि, नई व्यवस्था के सभी प्रावधान अधिसूचना जारी होते ही लागू नहीं होंगे। कुछ महत्वपूर्णप्रावधानों के प्रभावी होने की तारीख ESIC के महानि देशक द्वारा अलग से निर्धारित की जाएगी। कुल मिलाकर, यह बदलाव केवल भुगतान प्रक्रिया को डिजिटल बनाने तक सीमित नहीं है।