महाकाल के दरबार में दि ग्गजों का जमावड़ा उज्जैन: मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को ज्योतिर्लिं ग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। तीनों शीर्षनेताओं ने भगवान महाकाल का विशेष पूजन-अर्चन कर विश्व शांति, देश की सुरक्षा तथा समाज में भाईचारा बनाए रखने की मंगल कामना की। दर्शन के पश्चात विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि उन्हें महाकाल के दर्शन का सौभाग्य मिला है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की है कि वे सभी को शक्ति, सामर्थ्य और सद्बुद्धि प्रदान करें, ताकि सभी सन्मार्ग पर चलते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर सकें। वहीं, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने महाकाल मंदिर परिसर में हुए अभूतपूर्व बदलावों और विकास कार्यों की जमकर तारीफ की।
उन्होंने अपने पुराने दौरे को याद करते हुए बताया कि वे करीब 20 साल पहले भी मंदिर आए थे, लेकिन तब की दर्शन व्यवस्था और आज के विकसित स्वरूप में बहुत अंतर है। मांझी ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि महाकाल क्षेत्र अब केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों का भी एक बड़ा केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की वजह से छोटे-बड़े व्यापारियों, छायाकारों और पत्रकारों सहित स्थानीय स्तर पर कई लोगों को बड़ा रोजगार मिल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने देश की उन्नति, भारत की सुरक्षा और विशेष रूप से बिहार व गया में भाईचारा बनाए रखने की प्रार्थना की। इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का स्वागत-सत्कार किया। वहीं, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का स्वागत मूलचंद जूनवाल और मुकेश सोनी ने किया।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का भी मंदिर प्रबंध समिति की ओर से विधिवत सम्मान किया गया।
