भोपाल। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर देशभर में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रभावी हड़ताल की। "5-दिवसीय बैंकिंग लागू करो" और "बैंककर्मियों के स्वास्थ्य व सम्मान से समझौता नहीं" जैसे नारों के साथ दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरु सहित तमाम बड़े महानगरों व जिला मुख्यालयों पर बैंककर्मियों ने एकजुट होकर सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

भोपाल में हड़ताल का प्रमुख केंद्र एमपी नगर स्थित प्रेस कॉम्प्लेक्स (पीएनबी के पास) रहा, जहां 5000 से अधिक बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विशाल और शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। भोपाल में इस विशाल प्रदर्शन का नेतृत्व UFBU के संयोजक श्री संजीव कुमार मिश्रा, मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुबीन सिन्हा, सचिव दिनेश झा और भारतीय स्टेट बैंक अधिकारी संघ (भोपाल सर्कल) के अध्यक्ष अनिल कुमार श्रीवास्तव ने किया।

यूनियन नेताओं ने कहा कि 5-दिवसीय बैंकिंग केवल कर्मचारियों की सुविधा का मामला नहीं है, बल्कि यह बेहतर ग्राहक सेवा, प्रभावी जोखिम प्रबंधन और एक स्वस्थ कार्य-संस्कृति के लिए बेहद जरूरी सुधार है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो आने वाले समय में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।