भोपाल। मध्यप्रदेश के सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित दो दिवसीय "यात्री परिवहन विज़न समिट-2026" का शुभारंभ करते हुए घोषणा की है कि आगामी 25 सितंबर से प्रदेश में 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा' का मंगल आरंभ किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य 2030 के अंत तक राज्य के 75 प्रतिशत गांवों को इस बस सेवा से जोड़ना है।

ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में बस ऑपरेटर्स, निर्माता कंपनियों और निवेशकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में 5 लाख किलोमीटर का शानदार रोड नेटवर्क है, जहां 15 हजार से अधिक बसें चलाने की अपार संभावनाएं हैं।

लास्ट-माइल कनेक्टिविटी: MPYPIL और रैपिडो के बीच करार

यात्रियों को उनके घर से बस स्टैंड तक सुलभ यातायात देने के लिए राज्य सरकार की संस्था MPYPIL और 'रैपिडो' (Rapido) के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) साइन किया गया। शुरुआत में यह सेवा भोपाल और इंदौर में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू होगी। महिलाओं द्वारा संचालित 'रैपिडो पिंक' बाइक-टैक्सी सेवा को विशेष बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक पर्यटन तेजी से बढ़ा है। पहले जहां उज्जैन में 60-70 लाख श्रद्धालु आते थे, वहीं अब यह संख्या 8 करोड़ पार कर गई है और इस साल 14 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।