दिल्ली। क्रिकेट के मैदान पर कई रिकॉर्ड बनते और टूटते हैं, लेकिन दिल्ली में खेला गया यह टी20 मुकाबला एक बेहद अनोखे संयोग का गवाह बना। इस मुकाबले की आधिकारिक मेजबानी अफगानिस्तान कर रहा था — कागज पर अफगानिस्तान मेजबान था और भारत मेहमान, लेकिन पिच पर टीम इंडिया ने कोई मुरव्वत नहीं दिखाई और अफगानिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दे दी।
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए अभिषेक शर्मा ने महज 32 गेंदों में 82 रन ठोक डाले, जिसमें 7 छक्के और 7 चौके शामिल थे। अभिषेक और ईशान किशन के बीच हुई 121 रनों की साझेदारी ने मैच पूरी तरह छीन लिया। भारत ने 14वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
इससे पहले गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट झटके, जिसके दम पर अफगानिस्तान की आधी टीम 7 ओवर में महज 43 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी। हालांकि मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह ओमरजई की 83 रनों की साझेदारी ने टीम को 156 के स्कोर तक पहुंचाया।